विश्व विख्यात धार्मिक स्थल माता श्री चिंतपूर्णी जी के दरबार में रविवार को श्रद्धालुओं का जन सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार को छुट्टी और हिमाचल दिवस होने के कारण काफी संख्या में श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी के दरबार में आशीर्वाद लेने पहुंचे। काफी दिनों के बाद इंद्रदेव की मेहरबानी से खुश्क मौसम से निजात मिली और बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया। पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और अन्य राज्यों में बारिश होने से मौसम में बदलाव आया है और लोग छुट्टी होने की वजह से धार्मिक स्थलों का रुख कर रहे हैं। मंदिर के कपाट खुलते ही लाइन शुरू हो गई थी, जो 12:00 बजे तक श्रद्धालुओं की डबल संतोष होटल लाइन माधो टीला तक जा पहुंची। बड़ी संख्या में महिला, बुजुर्ग आदि लाइन व्यवस्था में लगकर मां के दरबार पहुंचने में अपनी बारी का इंतजार करते हुए आगे बढ़कर जयकारे लगाते हुए जाते रहे। मंदिर प्रशासन द्वारा चलाई जा रही सुगम दर्शन प्रणाली के तहत बड़ी संख्या में दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने लिफ्ट मार्ग से मां की पवित्र पावन पिंडी के दर्शन प्राप्त किए। मंदिर परिसर से लेकर संपूर्ण बाजार क्षेत्र में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी चहल-पहल रही, जिससे छोटे-बड़े कारोबार करने वाले कारोबारियों को राहत मिली। मंदिर अधिकारी अजय मड़ियाल ने बताया कि रविवार को छुट्टी और हिमाचल दिवस होने की वजह से काफी संख्या में श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखते हुए सभी विभागों को अपनी-अपनी सेवाएं निरंतर जारी रखने के आदेश दिए गए हैं।