स्थानीय राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या ऊना में सोमवार को सीनियर व जूनियर हेड गर्ल के चुनाव का आयोजन किया गया। चुनाव के दौरान मतदान प्रणाली का पालन किया गया। 12वीं कक्षा की छात्रा सुहानी कपूर सीनियर हेड गर्ल व 11वीं कक्षा की छात्रा वैष्णवी जूनियर हेड गर्ल चुनी गईं। इसी प्रकार छठी से 10वीं कक्षा की छात्राओं में से कक्षा प्रतिनिधि भी चुने गए। आयोजन का मुख्य उद्देश्य भविष्य के मतदाताओं को मतदान के महत्व और प्रक्रिया से अवगत करवाना था। प्रधानाचार्य सुरेश कुमार शर्मा ने स्वीप नोडल अधिकारी की भूमिका निभाई। विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और उन्हें मतदान के लिए अपने माता-पिता व आसपास के लोगों को जागरूक करने को कहा। सभी छात्राओं में पहली बार विद्यालय स्तर पर मतदान को लेकर काफी उत्साह देखा गया। प्रधानाचार्य सुरेश कुमार शर्मा ने प्रतिनिधि चुनी गई छात्राओं को बधाई दी एवं उन्हें उनके कर्तव्यों से अवगत कराया। उन्होंने कहा यह कदम विद्यालय में अनुशासन और विद्यालय को उत्कृष्टता की ओर ले जाने के लिए काफी लाभदायक सिद्ध होगा।