ऊना जिला मुख्यालय की डीआईसी कॉलोनी में भारी बारिश ने तबाही मचाई। चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे से तेज बरसाती पानी करीब आठ फीट ऊंची दीवार तोड़कर कॉलोनी में घुस गया। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों के आवासों में लाखों का नुकसान हुआ। पानी का बहाव इतना तेज था कि कॉलोनी के अंदर कर्मचारियों के आवास को बनाई गई बाउंड्री वॉल तक धराशाही हो गई। कॉलोनी में खड़े दोपहिया वाहन भी बहकर बाहर चले गए, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद वापस लाया गया। उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक अंशुल धीमान ने बताया कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी की ओर से ड्रेनेज की कोई स्थायी व्यवस्था न होने के चलते यह स्थिति बनी। बरसाती पानी के तेज बहाव के चलते पूरी कॉलोनी में दीवारों का मलवा यहां वहां बिखरा नजर आया।