युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत संचालित माई युवा भारत (MY Bharat) कार्यक्रम में स्वयंसेवियों की भर्ती का रास्ता दो साल बाद फिर से खुल गया है। लंबे समय से रुकी यह प्रक्रिया अब नए वित्तीय वर्ष में दोबारा शुरू कर दी गई है। इसके तहत प्रत्येक जिले के हर ब्लॉक में दो-दो स्वयंसेवियों की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही जिला स्तर पर भी स्वयंसेवकों की तैनाती की जा रही है। माई युवा भारत की ओर से भर्ती प्रक्रिया को अंतिम चरण में पहुंचा दिया गया है। कई जिलों में जिला कार्यालयों के लिए स्वयंसेवकों की नियुक्ति भी हो चुकी है। चयनित प्रत्येक स्वयंसेवी को प्रतिमाह 5,000 रुपये का मानदेय दिया जाएगा। चयनित स्वयंसेवी ग्रामीण क्षेत्रों तक केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा वे युवा मंडलों और महिला मंडलों के साथ समन्वय स्थापित कर सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे, ताकि पात्र लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। नेहरू युवा केंद्र संगठन का नाम बदलकर माई युवा भारत (MY Bharat) किए जाने के बाद युवाओं से जुड़ी अधिकांश प्रक्रियाएं डिजिटल कर दी गई हैं। अब युवा और महिला मंडलों का पंजीकरण, गतिविधियों की जानकारी, रोजगार के अवसर, विभिन्न सरकारी योजनाएं और छात्रवृत्ति संबंधी सूचनाएं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने दो वर्ष बाद स्वयंसेवियों की भर्ती प्रक्रिया दोबारा शुरू की है। प्रत्येक जिले में जिला कार्यालय के अलावा सभी ब्लॉकों में दो-दो स्वयंसेवियों की नियुक्ति की जा रही है। भर्ती प्रक्रिया को इसी महीने अंतिम रूप दिए जाने की तैयारी है।