उपमंडल बंगाणा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, धुंधला में वीरवार को वीरभूमि हिमाचल के उपमंडल बंगाणा न गांव के अमर शहीद सपूत अमर शहीद सिपाही बृजेश कुमार की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस एतिहासिक अवसर पर प्रतिमा का अनावरण कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने शिरकत करके अपने कर कमलों द्वारा किया। वहीं, धुंधला स्कूल पहुंचने पर शहीद बृजेश अमर रहे के नारों से पंडाल गूंज उठा और आए हुए सभी गणमान्य ने सलामी देकर शहीद बृजेश की शहादत को नमन किया। वहीं, अपने संबोधन में विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि अमर शहीद बृजेश कुमार का जीवन और बलिदान हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी अदम्य वीरता और देशभक्ति ने हमें गर्व का अनुभव कराया है। उन्होंने बताया कि अमर शहीद बृजेश कुमार का जन्म 30 दिसंबर 1985 को हुआ था। देश की सेवा करते हुए उन्होंने 26 अक्टूबर 2018 को पुंछ (जम्मू) में वीरगति को प्राप्त हुए। उनके अदम्य साहस और कर्तव्य परायणता के लिए उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। उनका जीवन देश के युवाओं को प्रेरित करता रहेगा। विवेक शर्मा ने कहा कि इस अनावरण समारोह का उद्देश्य शहीद के बलिदान को सदैव स्मरण रखना और युवाओं में देशप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करना था। उन्होंने कहा कि गांव ननबी शहीद बृजेश कुमार को आज पूरा देश याद कर रहा है। बृजेश कुमार ने देश की सेवा और रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनके इस बलिदान ने न केवल गांव, बल्कि पूरे क्षेत्र को गर्वित किया है। शर्मा ने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर हमारे प्यारे शहीद बृजेश की प्रतिमा अनावरण समारोह में शामिल होने के लिए सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करता हूं।