उपमंडल बंगाणा के गांव मुच्छाली के मेहनती किसान शक्ति चंद ने अपने खेतों में ड्रैगन फ्रूट की खेती कर एक मिसाल कायम की है। हाल ही में उनके खेतों में ड्रैगन फ्रूट के फूल खिले, जिससे उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण का फल मिलने लगा है। किसान शक्ति चंद ने आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों का उपयोग कर अपने खेतों में ड्रैगन फ्रूट की खेती शुरू की थी। उनकी इस पहल से गांव में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। ड्रैगन फ्रूट की खेती की यह उपलब्धि उनके चेहरे पर मुस्कान लाने के साथ ही गांव के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गई है। बागवानी विभाग के अधिकारी वीरेंद्र भारद्वाज, अरशद, और अनुपम ने शक्ति चंद को उनकी मेहनत के लिए बधाई दी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि शक्ति चंद की मेहनत और उनकी आधुनिक खेती की पद्धति के कारण ही आज उनके खेतों में यह सुंदर फूल खिले हैं। इस सफलता से प्रेरित होकर, अन्य किसान भी ड्रैगन फ्रूट की खेती में रुचि दिखा रहे हैं।