उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना जिले में नियोजित विकास के लिए अधिकारियों को प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगला एक वर्ष जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में विकास की प्रतिस्पर्धा का वर्ष होगा। प्रदेश के स्तर पर प्रतिस्पर्धा के साथ साथ हर विधानसभा क्षेत्र को विकास में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए काम करें। जिला प्रशासन इसे लेकर पूरी योजना बनाए, पूरे वर्ष में जिले की हर ग्राम पंचायत में कम से कम एक या दो विकास के इस प्रकार के कार्य करें, जो यादगार बनें और जिन्हें विकास के शानदार उदाहरण की तरह दिखाया जा सके। जिले की सभी 245 पंचायतों में इन कामों से एक साल में जिले की तस्वीर बदल जाएगी। इसमें मनरेगा के साथ अन्य योजनाओं की कन्वर्जेंस करें। वे शुक्रवार को जिला परिषद सभागार ऊना में जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम, जिला कल्याण समिति और जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठकों की अध्यक्षता कर रहे थे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार में प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन द्वारा चलाई गई मनरेगा योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए परिवर्तनकारी साबित हुई है। अधिकारी जिले में इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर ध्यान केंद्रित करें। उपायुक्त सभी विकास खंड अधिकारियों और पंचायत सचिवों के साथ बैठक कर कार्यों की स्पष्ट योजना बनाएं और उसके अनुरूप हर ग्राम पंचायत में टिकाऊ और उदाहरण देने लायक विकास काम कराना सुनिश्चित करें।