हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र हरोली में रविवार को बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में विशेष रूप से शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने लोकसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार किया और विधानसभा क्षेत्र से संसदीय क्षेत्र प्रत्याशी को ज्यादा से ज्यादा बढ़त दिलाने का आह्वान किया। उप मुख्यमंत्री ने भाजपा पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने कहा कि इस बार के लोकसभा चुनाव विशेष परिस्थितियों में हो रहे हैं। हिमाचल प्रदेश की सरकार को अस्थिर करने की साजिश लोकसभा चुनाव से ठीक पहले की गई और यही साजिश अब दल बदल को लेकर एक नई मिसाल कायम करने वाली है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश के सभी 6 विधानसभा उपचुनाव भी कांग्रेस जीतेगी और उसके साथ ही लोकसभा में भी भाजपा का सुपड़ा साफ किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा कर्ज लेने को लेकर भाजपा द्वारा किए गए कटाक्ष का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्तमान में चुनावी माहौल चल रहा है, चुनाव के बाद भाजपा को उसके हर सवाल का जवाब दिया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की सरकार पूरी तरह से स्थिर है। इस सरकार को कोई परिंदा भी पर नहीं मार सकता। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं और कांग्रेस प्रत्याशी को भारी बढ़त दिलाने के लिए जमीनी स्तर पर काम किया जाए।