विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर में प्रसिद्ध भजन गायक लविश लव ने पहुंचकर माता रानी के चरणों में माथा टेका और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर पहुंचने पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां चिंतपूर्णी का आशीर्वाद प्राप्त किया। दर्शन के बाद मंदिर हाल में आयोजित भजन संध्या में उन्होंने माता रानी की सुंदर भेंटें प्रस्तुत कीं। लविश लव के मधुर भजनों और भक्तिमय प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा मंदिर परिसर माता रानी के जयकारों और भजनों से गूंज उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भी भजन संध्या का आनंद लिया और भाव-विभोर होकर माता रानी के जयकारे लगाए। लविश लव ने कहा कि मां चिंतपूर्णी के दरबार में आकर उन्हें हमेशा आध्यात्मिक शांति और नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि माता रानी का आशीर्वाद सभी पर बना रहे। इस अवसर पर मौजूद श्रद्धालुओं ने उनकी प्रस्तुति की सराहना की और ऐसे धार्मिक आयोजनों को आस्था और संस्कृति को बढ़ावा देने वाला बताया।