अंब के श्रीराम लीला मैदान में ब्लॉक कांग्रेस चिंतपूर्णी की ओर से मनरेगा बचाओ संग्राम रैली का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार शर्मा ने की। इस कार्यक्रम में जिला प्रभारी विकास ठाकुर, जिला अध्यक्ष देसराज गौतम और प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की ओर से मनरेगा योजना के स्वरूप में किए जा रहे बदलावों का कड़ा विरोध किया। उन्होंने केंद्र की नीतियों को मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार है और इसके मूल ढांचे के साथ कोई भी समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार एक साजिश के तहत योजना का नाम और स्वरूप बदलकर इसे समाप्त करने का प्रयास कर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के मजदूरों और किसानों के हितों को नुकसान होगा। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राघव ठाकुर, यदुपति ठाकुर और वरिष्ठ नेता शादी लाल गोस्वामी ने भी संबोधित करते हुए इसे गरीब के सम्मान की लड़ाई बताया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मनरेगा के वर्तमान स्वरूप को बिना किसी बदलाव के जारी रखा जाए। नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने अपने फैसले वापस नहीं लिए, तो इस आंदोलन को ग्रामीण स्तर तक ले जाकर और अधिक विस्तार दिया जाएगा। इस मौके पर नरेश बरोटिया, डॉ. राजपाल शर्मा, सुरेश कुमारी, निशा शर्मा और एडवोकेट तनुज धीमान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।