कुटलैहड़ क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बसाल और त्यूडी में वीरवार को वार्षिक समारोह बड़े धूमधाम से आयोजित किया गया। समारोह में बतौर मुख्यतिथि पहुंचे विधायक विवेक शर्मा का विद्यालय प्रबंधन, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, स्थानीय लोकगीतों और उत्साही छात्रों की प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम की शुरुवात दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की झड़ी लग गई। समारोह में छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, नाटक, देशभक्ति गीत और शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित प्रदर्शन प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रतिभा देखकर मुख्यतिथि सहित उपस्थित हर व्यक्ति ने उनकी हौसला अफजाई की। इस मौके पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया और उन पर पुरस्कारों की झड़ी लगा दी गई।