चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बलबीर चौधरी ने अंब क्षेत्र में सड़क निर्माण व मरम्मत कार्य लंबे समय से ठप पड़े होने पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अंब-हमीरपुर मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। अंब से हमीरपुर को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर रेस्ट हाउस तथा राजकीय उच्च विद्यालय अंब के समीप सड़क की टारिंग का कार्य काफी समय से बंद पड़ा है। अधूरे निर्माण के कारण सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग अत्यंत जोखिम भरा बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। पूर्व विधायक बलबीर चौधरी ने मांग की है कि सड़क मरम्मत कार्य को शीघ्र शुरू किया जाए और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित हो सके।