महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय अंब में सोमवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि की ओर से दीप प्रज्वलित करके की गई, जिसके बाद महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर दर्शन कुमार ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और अतिथियों का स्वागत किया। विधायक सुदर्शन सिंह बब्लू ने अपने संबोधन में विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि सफलता के लिए कठिन परिश्रम और अनुशासन जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य उनकी प्राथमिकता है और विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों व सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। इस दौरान उन्होंने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लिया और छात्रों को नशा न करने की शपथ भी दिलाई। समारोह के दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 की विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कुल मिलाकर शैक्षणिक क्षेत्र के 125, खेलकूद के 83, सांस्कृतिक गतिविधियों के 147 और एनसीसी व एनएसएस सहित विभिन्न क्लबों के स्वयंसेवकों को पुरस्कार दिए गए। विनय शर्मा को सर्वश्रेष्ठ छात्र और दिव्या सूद को सर्वश्रेष्ठ छात्रा के खिताब से नवाजा गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भंगड़ा, गिद्दा और लोक गीतों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में कॉलेज के स्टाफ, स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों, पीटीए पदाधिकारियों और पूर्व छात्रों ने हिस्सा लिया। अंत में महाविद्यालय की उपाचार्य रेखा शर्मा ने सभी का धन्यवाद किया और राष्ट्रगान के साथ समारोह संपन्न हुआ।