नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना अंब ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। सीआईडी एसटीएफ और अंब पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर धुसाड़ा क्षेत्र में नाकाबंदी कर एक अंतरराज्यीय नशा सप्लायर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की कार से प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की भारी खेप बरामद की गई है। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी क्विड कार में नशीली दवाइयों की सप्लाई के इरादे से जा रहा था, लेकिन समय रहते पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीव कुमार पुत्र निक्का राम, निवासी गोंदपुर बनेहड़ा के रूप में हुई है। आरोपी गोंदपुर बनेहड़ा में मन्नत मेडिकल स्टोर का संचालक बताया जा रहा है और वर्तमान में चंडीगढ़ में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से कूरियर के माध्यम से प्रतिबंधित नशीली दवाइयां मंगवाकर उनकी सप्लाई कर रहा था। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ट्रामाडोल की 31,800 गोलियां अल्प्राजोलम की 3,765 गोलियां ओर प्रीगैबलिन की 8,000 गोलियां बरामद की हैं। ये तीनों दवाइयां प्रतिबंधित श्रेणी में आती हैं और इनका अवैध कारोबार विशेष रूप से युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने का काम कर रहा है। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी हिमाचल प्रदेश सहित आसपास के राज्यों में नशीली दवाइयों की सप्लाई की तैयारी में था। पुलिस अब इस पूरे नशा नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध धंधे में और कौन-कौन शामिल है। एसपी ऊना सचिन हीरामठ ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरी सख्ती से जारी रहेगा और जिला ऊना को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना बेझिझक पुलिस को दें। अंब पुलिस की इस कड़ी कार्रवाई से जहां नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने पुलिस के इस साहसिक और सराहनीय कदम की खुले दिल से प्रशंसा की है।