संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर आरएफसी अंबोटा क्लब ने सेवन स्ट्राइकर ए को दो-शून्य से शिकस्त देकर जिला ऊना की प्रतिष्ठित स्टार फुटबाल ट्राॅफी पर कब्जा जमा लिया।
स्टार फुटबाल ट्राॅफी के फाइनल मुकाबले में आरएफसी क्लब के फारवर्ड खिलाड़ी वीरेंद्र ने दो गोल दाग कर अपनी टीम को जीत की तरफ ले गए। हालांकि, सेवन स्ट्राइकर ए ने भी मैच में वापसी करने का भरसक प्रयास किया लेकिन वे सफल नहीं हो पाए।
स्टार फुटबाल ट्राॅफी के समापन पर एडवांस बाल्व के सीओओ वेद गोयल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और ट्राॅफी से सम्मानित किया। इससे पहले टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मुकाबला सेवन स्ट्राइकर ए व फुटबाल क्लब मवा कहोलां के बीच खेला गया।
दोनों टीमों ने गजब के खेल का प्रदर्शन किया। हालांकि, दोनों टीमें गोल दागने के लिए कई प्रयास करती रहीं लेकिन दोनों टीमों का हर प्रयास ही विफल रहा। इसके चलते मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। किस्मत ने भी सेवन स्ट्राइकर ए का साथ दिया।
पहले पांच-पांच मिले पेनल्टी शूटआउट बराबरी पर रहे लेकिन सडन डेथ में सेवन स्ट्राइकर फाइनल में जगह पक्की करने में कामयाब रही।
दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला आरएफसी क्लब अंबोटा और बेल्को क्लब के बीच खेला गया। मैच के पहले ही हाफ में आएफसी क्लब ने एक गोल दागकर बेल्को क्लब पर मनोवैज्ञानिक बढ़त बना ली।
इसके बाद बुलंद हौसले के साथ खेल में उतरे आरएफसी क्लब ने तीन-शून्य से मैच जीतकर फाइनल के लिए टिकट पक्का किया। फाइनल मुकाबले में आरएफसी अंबोटा के फारवर्ड खिलाड़ी वीरेंद्र ने मैच के पहले ही हाफ में गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में भी वीरेंद्र ने गजब का खेल दिखाते हुए शानदार गोल के साथ अपनी टीम को दो-शून्य से अजय बढ़त दिला दी। आरएफसी क्लब को विजेता बनने पर एडवांस बाल्व के सीओओ वेद गोयल ने 51 हजार रुपये के नकद पुरस्कार, ट्राॅफी और उपविजेता सेवन स्ट्राइकर ए को 41 हजार रुपये नकद व ट्राॅफी के साथ सम्मानित किया गया।