पालकवाह पंचायत घर में भीषण आग से बचाव करते दमकल विभाग की टीम। संवाद
12 से 15 लाख का नुकसान, दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांची स्थिति
पंचायत कार्यालय में चल रही थी त्रैमासिक बैठक
घटना से खुली पंचायत कार्यालय में सुरक्षा उपायों की पोल
ग्रामीण बोले- पंचायत भवनों में उपलब्ध हों आधुनिक अग्नि सुरक्षा उपकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
टाहलीवाल (ऊना)। हरोली क्षेत्र के पालकवाह गांव में रविवार को ग्राम पंचायत कार्यालय में आग लग गई। इससे सब कुछ जल कर राख हो गया। 12 से 15 लाख के नुकसान का आकलन किया गया है। जानकारी के अनुसार पंचायत कार्यालय में त्रैमासिक बैठक चल रही थी। अचानक शार्ट सर्किट के कारण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे कार्यालय को अपनी चपेट में ले लिया और तीन कमरे जलकर राख हो गए। आग इतनी भयानक थी कि कार्यालय में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। इसमें फ्रिज, एसी, गोदरेज अलमारी, कंप्यूटर, इनवर्टर, इंडक्शन और अन्य सरकारी मशीनरी शामिल है। पुलिस के अनुसार इस घटना में करीब 12-15 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। सौभाग्यवश, इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई। ग्राम पंचायत प्रधान ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शार्ट सर्किट को आग का मुख्य कारण बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने दमकल विभाग के साथ मिलकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह घटना कार्यालय में सुरक्षा उपायों की कमी को उजागर करती है। ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पंचायत भवनों में आधुनिक अग्नि सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं। प्रशासन से भी अपेक्षा की जा रही है कि नुकसान की भरपाई के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए। दमकल विभाग की टीम में चौकी प्रभारी सुनील दत्त, फायरमैन हरमेश चंद्र, कमल, सोमनाथ और ड्राइवर धर्मपाल शामिल रहे।