सोलन के कथेड़ बाईपास में निर्माणाधीन 200 बिस्तरों वाले आधुनिक क्षेत्रीय अस्पताल के निर्माण में लगातार हो रही देरी को लेकर भाजपा ने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। भाजपा सोलन शहरी मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है, जिससे परियोजना की लागत भी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने इस अस्पताल का शिलान्यास किया था। परियोजना की प्रारंभिक लागत 90.30 करोड़ रुपये तय की गई थी और इसे मार्च 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। बाद में सरकार ने इसकी समय सीमा बढ़ाकर अप्रैल 2026 कर दी, लेकिन यह समय भी बीत चुका है और अस्पताल अभी तक तैयार नहीं हो पाया। शैलेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से केवल निरीक्षण और घोषणाएं की गईं, जबकि जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई गई। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल पर भी विकास कार्यों में गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि यदि समय पर कार्य पूरे किए जाते तो लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल चुकी होतीं। भाजपा नेता ने सोलन-सुबाथू मार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि फरवरी में सड़क का निरीक्षण कर जल्द सुधार का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक सड़क के लिए कोई ठोस बजट जारी नहीं किया गया। इसके कारण लोगों को आज भी बदहाल सड़क पर सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सोलन अस्पताल में योग्य चिकित्सकों की कमी नहीं है, लेकिन बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और पर्याप्त आधारभूत सुविधाओं के अभाव में मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। भाजपा सोलन शहरी मंडल ने सरकार से मांग की है कि क्षेत्रीय अस्पताल का निर्माण युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, सोलन-सुबाथू मार्ग के सुधार के लिए शीघ्र बजट जारी किया जाए तथा स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाए।