फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Solan: नगर निगम सोलन, एसडीएम कार्यालय कसौली और आर्मी पब्लिक स्कूल डगशाई को बम से उड़ाने की धमकी

स्वतंत्रता दिवस से पहले सोलन जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। नगर निगम सोलन, एसडीएम कार्यालय कसौली और आर्मी पब्लिक स्कूल डगशाई को धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। सूचना मिलते ही नगर निगम कार्यालय में पुलिस ने सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया, जबकि शिमला से बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात ई-मेल आईडी से भेजे गए संदेश में 15 अगस्त के अवसर पर सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। ई-मेल में राष्ट्रविरोधी और खालिस्तान समर्थक नारे लिखने जैसी बातें भी दर्ज हैं। इसके साथ ही दहशत फैलाने की मंशा से आपत्तिजनक संदेश भेजे गए। सूत्रों के अनुसार यही ई-मेल नगर निगम सोलन के अलावा एसडीएम कार्यालय कसौली और आर्मी पब्लिक स्कूल डगशाई को भी भेजा गया। सूचना मिलते ही संबंधित संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान, आईपी एड्रेस और संदेश के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर यह जांच की जा रही है कि ई-मेल किसी शरारती तत्व ने भेजा है या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है। 15 अगस्त के मद्देनजर प्रशासन ने सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। संबंधित अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें