सोलन में जिलेभर के अस्पतालों में मांगें पूरी नहीं होने पर चिकित्सा सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं। इसके चलते गुरुवार को अस्पतालों में मरीज को उपचार की सुविधा नहीं मिल पा रही है। हालांकि, आपात स्थिति में ही लोगों को उपचार दिया जा रहा है। बता दें कि बीते काफी समय से चिकित्सक एनपीए समेत कई मांगों को लेकर कलम छोड़ो हड़ताल पर थे। इससे पहले चिकित्सक मांगों को लेकर काले बिल्ले लगाकर विरोध कर रहे थे। लेकिन अब सरकार की ओर से मांगे नहीं मानने पर सभी चिकित्सक सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं। क्षेत्रीय अस्पताल में भी सुबह 9:30 बजे से ही ओपीडी नहीं लग रही है। मरीजों की परेशानी को देखते चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसएल वर्मा ने कमान संभाल ली। अस्पताल में आने वाले मरीजों को सुविधा दे रहे हैं। दूसरी ओर चिकित्सकों ने हड़ताल पर जाने के बाद रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया।