सिरमाैर जिले के सतौन बस स्टैंड पर दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। हादसे में एक युवक का पैर शरीर से अलग हो गया। जानकारी अनुसार पोका पंचायत के कांडो गांव निवासी दिनेश कुमार (35) पुत्र सयारू राम कमरऊ की तरफ से सतौन बस स्टैंड पहुंचा उससे आगे एक ट्रक था जोकि सतौन की तरफ आ रहा था। ठीक उस समय रेणुकाजी की तरफ से एक निजी बस, बस स्टैंड पहुंची। दिनेश कुमार ट्रक और बस के बीच उलझकर नीचे गिर गया। इस दौरान युवक की टांग ट्रक के नीचे आ गई और पैर कट गया। यह हादसा एक सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया। युवक को बस स्टैंड पर माैजूद लोगों ने एक निजी कार के माध्यम से पांवटा पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार करके उसे 108 एंबुलेंस में चंडीगढ़ ले जाया गया।