पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सराहां-चड़ीगढ़ वाया जामन की सेर, काटली, सुरला जनोट, ढंग्यार, टिकरी कुठार सड़क एक महीने से बंद है। इसके चलते ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर दुर्गम क्षेत्र की पंचायत टिकरी कुठार के लोगों को स्वास्थ्य व अन्य सुविधाओं के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। समस्या को लेकर घिन्नीघाड़ क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों का एक प्रतिनिधमंडल वीरवार को उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा से मिला ओर समस्या से अवगत करवाया। ग्रामीणों ने बताया कि सराहां- चंडीगढ़ वाया जामन की सैर, ढंग्यार, ठिकरी कुठार सड़क 30 और 31 अगस्त को भारी बरसात के चलते बंद हो गई थी। जो एक महीने बीत ने के बाद भी वाहनों की आवाजाही के लिए नहीं खुल पाई है। इसके चलते घिन्नीघाड़ क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायतों के लोगों को समस्याएं झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि किसानों की अधिकतर फसलें पहले ही बरसात की भेंट चढ़ चुकी है, जो कुछ बची हैं वह सड़क बंद होने से खेतों में खराब हो रही हैं। उन्होंने बताया कि इस बारे में एसडीएम पच्छाद को भी अगवत करवाया गया। लेकिन अभी तक समस्या जस की तस है। 24 सितंबर को ग्राम पंचायत टिकरी कुठार की ग्राम सभा बैठक प्रधान याद राम शर्मा की अध्यक्षता में सड़क को खोलने के लिए उपायुक्त सिरमौर को आग्रह पत्र लिखा गया है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से जल्द सड़क बहाली करवाने के सकारात्मक कदम उठाने का आग्रह किया है।