औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में वीरवार को एक सरिया उद्योग में बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 53 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कालाअंब-त्रिलोकपुर रोड पर स्थित एक सरिया उद्योग में सुबह करीब 9:30 बजे यह हादसा तब हुआ, जब उद्योग में काम कर रहे मजदूर पिघले हुए लोहे से भरी बाल्टी को क्रेन की मदद से भट्ठी में डाल रहे थे। इसी दौरान अचानक क्रेन का गियर फिसल गया और गर्म लोहा नीचे खड़े मजदूरों पर आ गिरा। इस हादसे में बिहार निवासी राम बिलास साहनी (53) पुत्र महेन्द्र साहनी हाल निवासी कालाअंब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को तुरंत इलाज के लिए नारायणगढ़ अस्पताल ले जाया गया है जहां उसका उपचार किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना कालाअंब के प्रभारी कुलवंत सिंह कंवर पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। हादसे के बाद उद्योग के मजदूरों ने प्रबंधन के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी भी की। उन्होंने उद्योग प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप भी लगाए। कालाअंब पुलिस थाना प्रभारी कुलवंत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और दूसरा घायल हुआ है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।