मौसम विभाग की ओर से जारी भारी बारिश की चेतावनी बुधवार को सिरमौर जिले में बेअसर साबित हुई। ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर नाहन उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थानों में एक दिन पहले ही अवकाश घोषित कर दिया गया था, लेकिन बुधवार को मुख्यालय नाहन सहित आसपास के अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली रही। भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए नाहन के एसडीएम ने एहतियात के तौर पर सभी स्कूल और अन्य शिक्षण संस्थान बंद रखने के आदेश जारी किए थे। चेतावनी के कारण लोग भी संभावित खराब मौसम को लेकर सतर्क रहे, लेकिन पूरे दिन कहीं भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं हुई। इससे पहले मंगलवार को भी मौसम विभाग ने जिले के लिए भारी बारिश की संभावना जताई थी। उस समय पांवटा साहिब और शिलाई के एसडीएम ने भी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया था। हालांकि उस दिन भी कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य मौसम बना रहा। लगातार दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी के अनुरूप मौसम नहीं रहने से स्थानीय लोगों के बीच मौसम पूर्वानुमान की सटीकता को लेकर चर्चा रही। हालांकि प्रशासन का कहना है कि ऐसे निर्णय लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एहतियातन लिए जाते हैं।