फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: व्यावसायिक जल कनेक्शन पर अब मीटर अनिवार्य, नियम तोड़ने वालों के कटेंगे कनेक्शन

सिरमौर जिले में जल शक्ति विभाग ने पानी के  व्यावसायिक और घरेलू कनेक्शनों के दुरुपयोग पर सख्ती शुरू कर दी है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिन  व्यावसायिक उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने जल कनेक्शनों पर मीटर नहीं लगाए हैं, वे तत्काल मीटर स्थापित करवा लें। ऐसा नहीं करने पर उनके जल कनेक्शन बिना किसी अतिरिक्त मोहलत के काट दिए जाएंगे। विभाग ने उन लोगों को भी चेताया है जो घरेलू जल कनेक्शन लेकर उसका उपयोग होटल, ढाबा, दुकान, कार वॉश,  व्यावसायिक प्रतिष्ठानों या अन्य व्यवसायिक गतिविधियों में कर रहे हैं। ऐसे मामलों की शिकायत या जांच में पुष्टि होने पर विभाग की टीम तत्काल कार्रवाई करते हुए कनेक्शन विच्छेद करेगी। विभाग का कहना है कि घरेलू श्रेणी के कनेक्शन का व्यावसायिक उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जल शक्ति विभाग सिरमौर के अधीक्षण अभियंता राजीव महाजन ने लंबे समय से पानी के बिलों का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को भी अंतिम चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा है कि बकाया राशि जल्द जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जलापूर्ति बंद की जा सकती है। बरसात के मौसम को देखते हुए विभाग ने पेयजल योजनाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष तैयारी भी कर ली है। जिले के विभिन्न उपमंडलों में नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है, जबकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रैपिड एक्शन टीम का गठन किया गया है। पाइपलाइन क्षति, भूस्खलन अथवा अन्य आपदाओं की स्थिति में तत्काल मरम्मत के लिए आवश्यक पाइप, फिटिंग और अन्य सामग्री पहले ही स्टोर कर ली गई है ताकि लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें