ऐतिहासिक रेणुका झील को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए चलाए जा रहे सेवा श्रमदान अभियान में अब महिलाओं की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है। रविवार को करीब दर्जनभर महिला मंडलों की सैकड़ों महिलाओं ने एकजुट होकर झील की सफाई में श्रमदान किया। मां रेणुकाजी सेवा समिति के सौजन्य से चल रहे इस अभियान के तहत महिलाएं झील के बीच उतर गईं और वहां उगी खरपतवार, घास, सरकंडे और झाड़ियों को जड़ से उखाड़कर बाहर निकाला। सफाई के दौरान समिति के सदस्य भी महिलाओं के साथ श्रमदान करते नजर आए। झील से निकाली गई वनस्पति और कचरे को बाद में ट्रैक्टरों में भरकर उचित स्थान पर ले जाकर ठिकाने लगाया गया। महिलाओं ने सेवा श्रमदान में उत्साह के साथ हिस्सा लेते हुए ऐतिहासिक रेणुका झील को स्वच्छ रखने का संदेश भी दिया। मां रेणुकाजी सेवा समिति के अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर ने कहा कि रेणुका झील की सफाई में महिलाओं का योगदान बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में महिलाओं का श्रमदान अभियान से जुड़ना स्वच्छता के प्रति लोगों की जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को दर्शाता है। रेणुकाजी क्षेत्र की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान को देखते हुए झील की स्वच्छता का विशेष महत्व है। सेवा श्रमदान के माध्यम से स्थानीय लोग भी झील के संरक्षण में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।