उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह में आयोजित तीन दिवसीय बिजट महाराज हरियाली मेले का सोमवार को रेणुका के विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनय कुमार ने विधिवत समापन किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि मेले और त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं से जुडऩे का अवसर प्रदान करते हैं। विधायक ने मुख्यमंत्री को हरिपुरधार में सिविल अस्पताल खोलने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि शीघ्र ही अस्पताल में डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ सहित अन्य आवश्यक पदों को भरा जाएगा। इससे पूर्व विधायक ने नगर पंचायत संगड़ाह के कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि संगड़ाह के नगर पंचायत बनने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत संगड़ाह के लिए लगभग 8.78 लाख रुपये की ग्रांट जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष हरियाली मेले के आयोजन के लिए मैदान और मंच तैयार कर दिया जाएगा उन्होंने संगड़ाह से टीकरी गांव के लिए लोक निर्माण विभाग को सड़क की फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संगड़ाह में डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने की भी घोषणा करते हुए कहा कि अगले महीने मुख्यमंत्री का रेणुका जी का दौरा होगा, जिसमें संगड़ाह में सब जज न्यायालय की विशेष रूप से घोषणा की जाएगी। इसके अलावा संगड़ाह में बस स्टैंड बनाया जाएगा। इस अवसर पर विजट महाराज हरियाली मेला समिति संगड़ाह के अध्यक्ष तिपेंद्र चौहान ने मुख्य अतिथि विधायक विनय कुमार को शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ, बीडीओ संगड़ाह भारतेंदु पाल, कांग्रेस नेता मित्र सिंह तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे।