हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में बीते वर्ष बरसात के चलते काफी जान-माल का नुकसान देखने को मिला था। इस वर्ष बरसात से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां की हैं, ताकि समय रहते नुकसान को कम किया जा सके। समय-समय पर लोगों को विभिन्न माध्यमों से जागरूक किया जा रहा है। इस बार जिला प्रशासन की तरफ से पहले ही 11 सदस्यीय एनडीआरएफ की टीम को तैनात कर दिया गया है। यह टीम प्राकृतिक झील श्री रेणुका जी में तैनात रहेगी और यहां से जरूरत के हिसाब से टीम रवाना होगी। बड़ी आपदा में यदि लोगों को मदद की जरूरत होगी तो टीम बिना समय गवाएं मौके पर पहुंचेगी ताकि नुकसान कम से कम हो सके। इसके अलावा उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा की ओर से जिला के सभी उपमंडलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बरसात में उफान पर रहने वाले नदी-नालों के समीप 5 से 6 पेशेवर गोताखोरों की तैनाती की जाए। हालांकि कुछ स्थानों पर गोताखोरों की तैनाती का काम शुरू भी हो गया है।