गौसम्मान आह्वान अभियान के तहत सोमवार को नाहन में गौसेवकों ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन भेजकर गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने तथा देशभर में पूर्ण गौहत्या प्रतिबंध लागू करने की मांग उठाई। अभियान से जुड़े गौसेवकों ने कहा कि संतों के नेतृत्व में चल रहे इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य गौवंश के संरक्षण और सम्मान के लिए प्रभावी कानूनी व्यवस्था सुनिश्चित करना है। ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से गो संरक्षण को लेकर आवश्यक कदम उठाने की अपील की गई। गौसेवक सचिन ऑबराय ने बताया कि अभियान के तीसरे चरण के तहत 27 अक्टूबर को प्रदेश स्तर पर करीब 50 लाख हस्ताक्षरों के साथ ज्ञापन सौंपने की तैयारी की जा रही है। उनका कहना है कि गौवंश की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी मांगों के पूरा होने तक यह अभियान जारी रहेगा। इस दौरान सुरेंद्र हिंदुस्तानी, अनिल ठाकुर, अपर्णा शर्मा, भरत राणा, सचिन ऑबराय, अनूप अग्रवाल, नीरज ठाकुर, नितिका पोजटा, तमन्ना चौहान, इंद्रा चावरिया, नीरज चावरिया, संजीव गुप्ता, निर्मल, मनीष बिरसांटा, रघुबीर और कार्तिक सहित कई गौसेवक मौजूद रहे।