नाहन को फिर से प्रदेश का सबसे सुंदर, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए नगर परिषद ने विकास की नई रूपरेखा तैयार करनी शुरू कर दी है। नगर परिषद के वर्तमान कार्यकाल की पहली हाउस बैठक शुक्रवार को अध्यक्षा उपमा धीमान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विधायक अजय सोलंकी विशेष रूप से शामिल हुए और शहर की आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता तथा विकास योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि एक समय नाहन अपनी स्वच्छता, सुंदरता और सुव्यवस्थित व्यवस्था के कारण नगीना शहर के नाम से प्रदेशभर में पहचान रखता था। बीते वर्षों में जो कमियां और अव्यवस्थाएं पैदा हुई हैं, उन्हें योजनाबद्ध तरीके से दूर कर शहर को उसकी पुरानी गौरवशाली पहचान दिलाई जाएगी। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर सहमति बनी। इसके अलावा खराब स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र ठीक करने, आवश्यकता के अनुसार नई स्ट्रीट लाइटें लगाने, पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, स्ट्रीट वेंडर्स के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने तथा रानीताल और विला राउंड के सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। इस दौरान पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्डों से जुड़े सुझाव रखे, जिन्हें विकास योजनाओं में शामिल करने पर सहमति बनी। विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि शहर के विकास को लेकर उनका स्पष्ट विजन है। प्रत्येक छोटी-बड़ी समस्या का स्थायी समाधान करते हुए विकास कार्यों को चरणबद्ध ढंग से धरातल पर उतारा जाएगा, ताकि आने वाले वर्षों में नाहन एक बार फिर नगीना शहर के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नाहन के विकास कार्यों में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। प्रदेश सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी और नगर परिषद, पार्षदों तथा शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों से नाहन को प्रदेश के आदर्श शहरों की श्रेणी में शामिल किया जाएगा।