फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Women Facility: नाहन के चौगान मैदान में महिलाओं को मिली बड़ी सुविधा, रोटरी संगिनी ने बनवाया आधुनिक शौचालय

नाहन शहर के ऐतिहासिक चौगान मैदान में महिलाओं और छात्राओं को वर्षों से चली आ रही एक बड़ी बुनियादी समस्या से अब राहत मिलने जा रही है। रोटरी क्लब नाहन संगिनी की पूर्व अध्यक्ष और आरटीओ नाहन सोना चंदेल की पहल पर चौगान मैदान में आधुनिक महिला शौचालय का निर्माण पूरा कर लिया गया है। चौगान मैदान शहर के प्रमुख केंद्रों में शामिल है। यहां सरकारी कार्यक्रमों, मेलों, त्योहारों और खेल गतिविधियों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। बाजार आने वाली ग्रामीण महिलाओं, स्कूल-कॉलेज की छात्राओं और अन्य महिलाओं के लिए यहां महिला शौचालय की सुविधा लंबे समय से नहीं थी। इसके कारण महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। महिला शौचालय की सुविधा नहीं होने से महिलाओं को अपनी प्राकृतिक जरूरतों के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ता था। छात्राओं और कामकाजी महिलाओं के लिए यह समस्या और भी गंभीर थी। खासकर मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़ी दिक्कतें बढ़ जाती थीं। महिलाओं की इसी समस्या को देखते हुए रोटरी संगिनी क्लब नाहन की पूर्व अध्यक्ष सोना चंदेल ने इसे अपने कार्यकाल में गंभीरता से उठाया। उन्होंने एक आयोजन के दौरान महिलाओं को इस सुविधा के लिए परेशान होते देखा तो महिला शौचालय बनाने की पहल की। यह काम उनके पायलट प्रोजेक्ट में शामिल रहा। शौचालय का निर्माण कार्य अब पूरा हो चुका है। रोटरी क्लब नाहन संगिनी की वर्तमान महिला पदाधिकारियों ने इसकी चाबी नगर परिषद के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार को सौंप दी है। क्लब की ओर से शौचालय की नियमित साफ-सफाई के लिए एक सफाई कर्मी तैनात करने पर भी विचार किया जा रहा है। इसके अलावा महिलाओं और किशोरियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां सैनिटरी नैपकिन डिस्पोजल मशीन लगाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। सोना चंदेल ने कहा कि चौगान मैदान में महिलाओं की इस बुनियादी समस्या का समाधान उनके मन में काफी समय से था। अब शौचालय का निर्माण पूरा होने से उन्हें संतोष है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सुविधा का लाभ चौगान मैदान से गुजरने वाली महिलाओं और छात्राओं को मिलेगा। नगर परिषद के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने महिला शौचालय के निर्माण के लिए रोटरी संगिनी क्लब का आभार जताया। यह पहल सिर्फ एक शौचालय के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाओं की जरूरत को भी सामने लाती है। चौगान मैदान में आने वाली हजारों महिलाओं और छात्राओं के लिए यह सुविधा रोजमर्रा की परेशानी को कम करने में अहम साबित होगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें