पर्यावरण संरक्षण और गिरते जलस्तर को सुधारने के उद्देश्य से अंजुमन इस्लामिया नाहन ने चिढ़ावाली क्षेत्र में दो दिवसीय विशेष पौधारोपण अभियान चलाया। अभियान के तहत संस्था के सदस्यों ने श्रमदान करते हुए करीब 90 फलदार, औषधीय और छायादार पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। अभियान के पहले दिन स्वयंसेवकों ने जंगल में उगी कंटीली झाड़ियों और फैले कचरे को साफ कर क्षेत्र को पौधारोपण के लिए तैयार किया। दूसरे दिन तैयार भूमि में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास किया गया। संस्था के सदर गुल मन्नवर (बॉबी अहमद) ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण, ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव को कम करना और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण तैयार करना है। उन्होंने कहा कि आज स्वच्छ हवा, समय पर वर्षा और हरियाली का संरक्षण बेहद आवश्यक हो गया है। लगाए गए पौधे भविष्य में लोगों को स्वच्छ ऑक्सीजन और छाया उपलब्ध कराने के साथ-साथ पक्षियों और अन्य जीवों के लिए भी आश्रय एवं भोजन का स्रोत बनेंगे। दो दिवसीय अभियान में संस्था के सदस्यों ने स्वयं कुदाल और खुरपी से श्रमदान किया। इस दौरान सलीम अहमद, मुबारक अली, इम्तियाज मिर्ज़ा, शौकत अली, जावेद खान, मोबीन, इमरान खान, उस्मान, इकबाल, शम्मी, फिरोज खान, मोहम्मद रफी, नसीम, फजलु और अयूब खान सहित कई लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी सदस्यों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा का भी संकल्प लिया।