मेडिकल कालेज एवं अस्पताल नाहन को शिफ्ट किए जाने के बयानों के बाद सिरमौर की सियासत गरमा गई है। मंगलवार को विधायक अजय सोलंकी ने आयोजित पत्रकारवार्ता में इस मामले में खुलकर जानकारी सांझा की है और इस मामले को राजनीतिक तूल न देने की अपील करते हुए आम लोगों से भी सहयोग की मांग की है। बता दें कि शनिवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने नाहन में पत्रकारवार्ता को आयोजन कर मेडिकल कालेज नाहन को शिफ्ट किए जाने को लेकर कई समस्याओं को रखा था। पत्रकारवार्ता में विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि मेडिकल कालेज को नाहन से शिफ्ट किए जाने को लेकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेज नाहन में ही रहेगा, लोगों की समस्याओं को देखते हुए सरकार केवल इसके विस्तार को लेकर योजना बना रही है। नगर परिषद के वार्ड नंबर-2 में फिलहाल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल चल रहा है। इसका विस्तार करते हुए मेडिकल कॉलेज और कुछ आपातकालीन सेवाओं को नगर परिषद के वार्ड नंबर-12 में स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। इसको लेकर भूमि का चयन भी कर लिया गया है और यह भूमि नेशनल हाईवे से जुडी है। उन्होंने कहा कि उनका सपना रहा है कि मेडिकल कालेज से जनता को यहां सुविधा मिले और इसे धरातल पर लाना एक मात्र उद्देश्य है, चाहे फीता कोई भी काटे। अजय सोलंकी ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेता की ओर से इस मामले में लोगों गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, जो दुखद और निराशाजनक है। यह लोगों की सुविधा से जुड़ा मामला है, इसलिए राजनीतिक स्वार्थ के लिए इसका प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में 700 के करीब स्टाफ है। उनके लिए अस्पताल परिसर में पार्किंग तक की जगह नहीं है। इसके अलावा हजारों रोगी व तीमारदार यहां प्रतिदिन पहुंचते हैं जिन्हें भी वाहन पार्क करने के लिए भटकना पड़ता है। मेडिकल कॉलेज में कैंसर, ट्रामा सेंटर व अन्य यूनिट स्थापित की जानी है। ऐसे में भविष्य में स्थिति और विकट होगी। इसके मद्देनजर वार्ड 12 में वन विभाग की 161 बीघा जमीन जिस पर नगर परिषद का कब्जा है देखी गई है। इस पर सहमति के लिए 13 फरवरी को नगर परिषद का हाउस बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि जो भवन यहां निर्माणाधीन है को पूरा करके उसमें नर्सिंग कॉलेज, एमसीएच व अन्य मेडिकल कॉलेज के अन्य विभाग चलाए जा सकते हैं। अजय सोलंकी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण की कार्यकारी एजेंसी सीपीडब्ल्यूडी ने 371 करोड़ का संशोधित प्राक्कलन तैयार कर सरकार के पास प्रशासनिक मंजूरी के लिए भेजा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में जहां अस्पताल चल रहा है, लोगों का उपचार वहीं पर होगा। बल्कि अस्पताल पर ज्यादा बोझ न रहे इसके लिए जल्द ही शहर में एक हेल्थ वेलनेस सेंटर खोलने पर भी विचार किया जा रहा है। इस अवसर पर पार्षद राकेश गर्ग, नरेंद्र तोमर, कैप्टन सलीम अहमद, विरेंद्र पासी, संजय, रघुवीर ठाकुर मदन सूर्यवंशी आदि मौजूद रहे।