नाहन शहर के दिल्लीगेट से हिंदू आश्रम बाजार की ओर जाने वाला मार्ग लोगों के जी का जंजाल बन गया है। इस मार्ग पर कीचड़ और गंदगी की भरमार है। इसके कारण बहुत से लोगों ने इस मार्ग से आना-जाना ही छोड़ दिया है। इससे यहां दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय दुकानदार विशाल वर्मा, राजकुमार, प्रवीण कुमार ने बताया कि यहां मार्ग पर दिन भर पानी खड़ा रहता है। कई साल से यहां कीचड़ और गंदगी पसरी रहती है। जल निकासी का उचित प्रबंध न होने से यहां ये समस्या है। उन्होंने बताया कि आस-पास निर्माण कार्य भी चल रहा है, इसके कारण सीवरेज पाइप भी टूट रही है और उसकी गंदगी भी यहां आ रही है। दुकानदारों ने जलनिकासी का उचित प्रबंध करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यहां सीमेंट की सड़क को हटाकर तारकोल की सड़क बिछाई जाए।