बीएमओ धगेड़ा डॉ मोनीषा अग्रवाल ने रविवार को राजकीय उच्च विद्यालय कैंट नाहन में सुबह 11:00 बजे पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान का आगाज किया। इस मौके पर रोटरी क्लब नाहन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बीएमओ डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान 28 से 30 जून तक चलाया जाएगा। आज 28 जून को निर्धारित बूथों और ट्रांजिट बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा रही है। वहीं, जो बच्चे किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी। उन्होंने बताया कि धगेड़ा ब्लॉक में 12,540 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें 25,076 घरों का दौरा करेंगी, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि इस अभियान को नजर अंदाज नहीं करना चाहिए और 0 से 5 साल के बच्चों को यह दवा जरूर पिलाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे पड़ोसी राज्यों पाकिस्तान में लगातार पोलियो के मामले आए हैं, इसलिए हमें भी सचेत रहने की जरूरत है।