नीट पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह से बस अड्डा बाजार तक रैली निकालकर केंद्र सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की और परीक्षा प्रणाली में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। रैली में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर मुख्य बाजार से गुजरे। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं से देशभर के लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का विश्वास परीक्षा प्रणाली से उठ रहा है। उनका आरोप था कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने में केंद्र सरकार विफल रही है।