कार्यक्रम में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो मुख्यालय सिरमौर से आए निरीक्षक संजीव कुमार ने डीएलएड प्रशिक्षुओं को भ्रष्टाचार से निपटने के विभिन्न उपायों की दी जानकारी। साथ ही सभी से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने का भी किया आह्वान। संस्थान के उपप्रधानाचार्य डॉ आईडी राही ने मंच से मुख्यातिथि और उनके साथ आए सहयोगियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में आने के लिए आभार जताया। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से भी मुख्यातिथि और उपप्रधानाचार्य को पुलिस की पाठशाला का स्मृति चिह्न, सामान्य ज्ञान पुस्तक व डायरियां देकर सम्मानित किया गया। निरीक्षक संजीव कुमार ने कहा कि भ्रष्टाचार इस देश और समाज के लिए एक नासूर बन गया है। इससे निपटने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और लगातार सफल भी हुए हैं। बावजूद इसके आमजन का भी इसमें सहयोग चाहिए। सभी के प्रयासों से इससे लड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब भी कहीं भ्रष्टाचार की भनक लगे शिकायत करें। इसके लिए जरूरी नहीं है कि सामने ही आया जाए और विभाग के दूरभाष नंबर 0177-2623061 पर भी शिकायत दे सकते हैं। शिकायतकर्ता की पहचान विभाग द्वारा भी गुप्त रखी जाती है। इस दौरान प्रशिक्षुओं को भ्रष्टाचार क्या है और अलग-अलग जगह किस तरह से सामने आता है। इसके बारे में भी विस्तार से बताया गया। पुलिस कैसे काम करती है और आमजन कैसे भ्रष्टाचार से लड़ने में पुलिस का सहयोग कर सकते हैं इसकी भी विस्तार से जानकारी दी।