नेहरू युवा केंद्र द्वारा नाहन में अंतर जिला युवा आदान प्रदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ। समापन समारोह में विधायक नाहन अजय सोलंकी ने बतौर मुख्य अतिथि जबकि एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने वशिष्ठ अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान युवाओं को संबोधित करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि हमारे देश में अनेकता के बावजूद भी एकता है। यही वजह है कि हमारा देश दिन रात तरक्की के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिला सिरमौर में हर 20 किलोमीटर के बाद भाषा एवं खान-पान व रहन-सहन बदल जाता है। इस दौरान विधायक ने युवाओं से नशे से दूर रहने को लेकर विशेष अपील की उन्होंने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है और ऐसे में युवाओं को नशे जैसी बुराई से दूर रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि अपने आसपास नशे जैसी बुराई को न पनपने दें, इसकी सूची सरकार व पुलिस को दें। इससे पहले एसडीएम नहान राजीव संख्यान ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया में ऐसी कोई समस्या नहीं है जिसका समाधान नहीं निकाला जा सकता। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति समस्याओं से लड़ते हुए आगे बढ़ता है वही सफलता पता है। उन्होंने कहा कि युवा अपनी पढ़ाई के साथ-साथ मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि जरूरी नहीं जो युवा पढ़ाई में आगे रहते हैं वह जीवन में भी आगे रहे। इसके बाद कार्यशाला में भाग ले रहे कांगड़ा जिला से आए 27 युवाओं को सम्मानित किया गया तथा जिला सिरमौर के नेहरू युवा केंद्र के उन युवाओं को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने इस कार्यक्रम में अपना सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में नेहरू युवा केंद्र के समन्वयक सुरेंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि सहित सभी का धन्यवाद किया।