भारतीय खान ब्यूरो देहरादून क्षेत्र का खान पर्यावरण एवं संरक्षण सप्ताह शुरू
वरिष्ठ खनन भू वैज्ञानिक दीपक शर्मा ने हरी झंडी दिखा निरीक्षण टीमें कीं रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। भारतीय खान ब्यूरो देहरादून क्षेत्र के तत्वावधान में 34वां खान पर्यावरण एवं संरक्षण सप्ताह सोमवार से शुरू हुआ। इसमें हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के करीब 36 छोटी बड़ी खदानों का निरीक्षण किया जाएगा। इसमें मशीनीकृत और अर्ध मशीनीकृत खानें शामिल हैं। निरीक्षण के लिए विशेषज्ञ टीमें तैयार की हैं। इसमें वरिष्ठ खान अभियंता, वरिष्ठ भू वैज्ञानिक और वरिष्ठ खान प्रबंधन शामिल है।
इस मौके पर भारतीय खान ब्यूरो देहरादून के वरिष्ठ खनन भू वैज्ञानिक दीपक शर्मा, सहायक नियंत्रक दामोदर शर्मा, सहायक भू वैज्ञानिक नितिन सिंह व आरपी तिवारी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान अलग-अलग श्रेणियों में प्रथम तीन स्थान पर रहने वाली खदानों को पुरस्कृत किया जाएगा। 16 से 21 दिसंबर तक निरीक्षण कार्य होगा।
निरीक्षक के दौरान आंके जाने वाले मुख्य बिंदुओं में पेड़-पौधे, मलबा का सही विस्थापन, वैज्ञानिक तरीके से खनिज का दोहन, खान का रखरखाव, खनिज दोहन के बाद फिर से सही रखरखाव, पौधारोपण कार्य, पर्यावरण को नियंत्रण के लिए प्रयास, माइनिंग प्लान के तहत कार्य, प्रचार-प्रसार, स्वच्छता समेत खदानों को निकलने वाली मूल्यांकन टीम निरीक्षण करती है।
इस अवसर पर सिरमौर माइन संघ के अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, राजेंद्र प्रसाद तिवारी, चंद्रमोहन शर्मा, भारतीय खान ब्यूरो के वरिष्ठ भूवैज्ञानिक, खान मालिक और प्रबंधक मौजूद रहे।