उपमंडल रामपुर के 15/20 क्षेत्र की तीन पंचायतों के हजारों ग्रामीण बीते एक वर्ष से लोक निर्माण विभाग की लचर कार्यप्रणाली का दंश झेल रहे हैं। गानवी में लगा तीन पंचायतों को जोड़ने वाला पुल बीते वर्ष बाढ़ की भेंट चढ़ गया था, लेकिन हैरानी की बात है कि एक वर्ष बाद भी सरकार और लोक निर्माण विभाग यहां पुल का निर्माण नहीं कर पाए हैं। अब खड्ड का जलस्तर बढ़ने से फिर से तीन पंचायतों का संपर्क कट गया है और ग्रामीण दिक्कतें झेलने को मजबूर हैं। भाजपा मंडल सराहन ने चेताया है कि यदि 15 दिन के भीतर गानवी में पुल का निर्माण नहीं होता तो लोक निर्माण विभाग के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन होगा। रामपुर में भाजपा मंडल सराहन के अध्यक्ष महेंद्र जैन की अगुवाई में जन प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने एसडीएम रामपुर को एक ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नीना शर्मा, प्रधान क्याव अशोक, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष अमोलक राम, किशोर परमार, गोपाल बंसल, बहादुर सिंह, अनिल बुदेल, टेकचंद, सुबेरचंद सहित अन्य मौजूद रहे।