भावानगर में आयोजित तीन दिवसीय जातरू उत्सव का समापन राजस्व एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी की उपस्थिति में हुआ। समापन समारोह में उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले प्रत्येक महिला मंडल और युवक मंडल को 10-10 हजार रुपये, जबकि स्कूल वर्ग के प्रतिभागियों को पांच-पांच हजार रुपये की राशि प्रदान की। इस अवसर पर जगत सिंह नेगी ने किन्नौर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे उत्सव युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं। उत्सव के दौरान आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। समारोह में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल नेगी, कांग्रेस सेवा दल की राज्य उपाध्यक्ष तारा मुइयां, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बीर सिंह नेगी, बाल विकास परिषद के अध्यक्ष प्रताप नेगी, पुलिस उप अधीक्षक वरुण पटियाल, तहसीलदार नेहा नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।