हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामपुर ने पदम पैलेस में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित नेताओं ने वीरभद्र सिंह के राजनीतिक जीवन और प्रदेश के विकास में उनके योगदान को याद किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके सम्मान में नारे भी लगाए और उनके जनसेवा के कार्यों को प्रेरणास्रोत बताया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान प्रदेश के सभी क्षेत्रों के विकास को समान महत्व दिया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए अनेक योजनाएं लागू कीं, जिनका लाभ आज भी प्रदेश की जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि रामपुर सहित पूरे हिमाचल के विकास में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। सभा में यह भी संकल्प लिया गया कि संगठन उनके जनकल्याण और विकास के सिद्धांतों पर आगे बढ़ते हुए जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाएगा और उनके विकास मॉडल को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगा। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस महासचिव राजीव ठाकुर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता देश रतन शर्मा, नवनिर्वाचित बीडीसी अध्यक्ष पूजा डोगरा, आरडी कंवर, अधिवक्ता डीडी कश्यप, राजेश लारजू, मुकेश शर्मा, संजय मेहता, जसवीर ठाकुर, भूपेश धीमान, बृज लाल, राहुल सोनी, मोंटी गोयल, राजेश गुप्ता, मोहन भाटिया, मनीष चौहान सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।