बुशहर स्वास्तिक सोसायटी रामपुर की ओर से पाटबंगला मैदान में बुशहर प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार देर शाम रामपुर कॉलेज सभागार में बीपीएल समारोह का शुभारंभ एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने किया। मुख्य अतिथि ने समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन से की। सोसायटी के अध्यक्ष पवन चौहान ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। चौहान ने कहा कि प्रतियोगिता में आठ टीमें भाग ले रही हैं, जिनके बीच रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। कहा कि यह पहला मौका है जब रामपुर में भी आईपीएल की तर्ज पर बीपीएल प्रतियोगिता करवाई जा रही है। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ना है, ताकि वे नशे से दूर रहकर खेलों में आगे बढ़़ें। कहा कि संस्था पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा के स्तर को सुधारने और ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य करने के लिए प्रयासरत है। मुख्यातिथि हर्ष अमरेंद्र सिंह ने सभी टीमों की जर्सी (किट) का अनावरण कर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की। सभी खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखा गया। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए सोसायटी को बधाई दी और कहा कि क्षेत्र की समस्याओं और रोजगार के अवसर खोजने के लिए सोसायटी सराहनीय काम कर रही है। शुभारंभ अवसर पर लोक गायक अशोक पालसरा और रोहिणी डोगरा ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से खिलाड़ियों और दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया। उन्होंने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से वाहवाही लूटी।