सुंदरनगर दौरे के दौरान लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर तीखा जुबानी हमला बोलते हुए उनके कांग्रेस को जड़ से उखाड़ने वाले बयान को महज भ्रम करार दिया। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में जनता भाजपा के इस भ्रम को पूरी तरह तोड़ देगी। मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि जो नेता अपने कार्यकाल में मिशन रिपीट को मिशन डिफीट में बदल चुके हों, उन्हें इस तरह के दावे शोभा नहीं देते। उन्होंने कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कांग्रेस मुक्त भारत का सपना पूरा नहीं कर पाए, तो जयराम ठाकुर का दावा निराधार है। सोशल मीडिया पर उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलों को खारिज करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने स्पष्ट किया कि वे कांग्रेस की विचारधारा के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1977 में कांग्रेस के कठिन दौर में, जब प्रदेश में पार्टी का कार्यालय तक नहीं था, तब उनके पिता वीरभद्र सिंह ने अपने निजी निवास हॉलीलॉज से पार्टी को मजबूती दी। ऐसे में उन्हें अपनी निष्ठा साबित करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हिमाचल और मंडी के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और केंद्र से राज्य का हक दिलाने के लिए प्रयासरत हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह का प्रशासनिक अनुभव आज भी प्रदेश के लिए मार्गदर्शक है। वरिष्ठ नेता कौल सिंह द्वारा उठाए गए मुद्दों पर उन्होंने कहा कि इन्हें मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के संज्ञान में लाया जाएगा। यह भी स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में वरिष्ठ नेताओं के अनुभव को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।