बड़ा देव कमरुनाग के लाठी समाज और सर्व देवता सेवा समिति के प्रधान शिवपाल शर्मा के बीच विवादास्पद ब्यान पर उपजा विवाद समिति अध्यक्ष के माफी मांगने के बाद समाप्त हो गया है। शुक्रवार को शिवपाल शर्मा धंनगयारा गलु पहुंचे और बड़ा देव के थहड्डे पर बैठे लाठी समाज के सामने उन्होंने अपने शब्दों को वापिस लिया और सार्वजनिक माफी मांगी। सर्व देवता सेवा समिति के प्रधान शिवपाल शर्मा ने देव कमरुनाग के लाठी समाज के प्रति सोशल मीडिया पर विवादास्पद बयान दिया था। जिस पर लाठी समाज तल्ख हो गया था। वीरवार को इस मामले पर लाठी समाज के दो लोगों खेम सिंह और छांगू राम ने सर्व देवता सेवा समिति के प्रधान के खिलाफ गोहर थाना में शिकायत दर्ज कर एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई थी। इस पूरे मामले को लेकर लाठी समाज ने समिति अध्यक्ष के खिलाफ आगामी कार्रवाई को लेकर धंनगयारा गलु में शुक्रवार को एक बैठक रखी थी। जिसमें प्रस्ताव पास किया गया कि अगर समिति अध्यक्ष लाठी समाज के समक्ष सार्वजनिक माफी नहीं मांगते हैं तो उनके खिलाफ न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा। इस बीच शिवपाल शर्मा धंनगयारा गलु पहुंच गए और उन्होंने लाठी समाज के समक्ष माफी मांगी और अपने शब्दों को वापिस लिया। देव कमरुनाग के गूर देवी सिंह ने समिति के प्रधान द्वारा लाठी समाज के समक्ष सार्वजनिक माफी मांगने की पुष्टि की है। सर्व देवता समिति के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा ने बताया कि उन्होंने अनजाने में ब्यान दिया था। जिसका उन्हें खेद है।