अगर आप अपने वाहन में सीएनजी ईंधन का इस्तेमाल करते हैं और मनाली की तरफ जाने की सोच रहे हैं तो अब आसानी से जा सकेंगे। क्योंकि मंडी जिला के झीड़ी में अब सीएनजी स्टेशन की शुरुआत हो गई है। यह चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे का दूसरा जबकि मंडी जिला का पहला सीएनजी स्टेशन है। पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा और दिल्ली सहित अन्य राज्यों में बहुत से लोग सीएनजी का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन वे अपने इन वाहनों को हिमाचल की तरफ इसलिए नहीं ला पाते क्योंकि यहां सीएनजी भरवाने की सुविधा नाममात्र की भी नहीं है। हरबंश लाल एंड संज फिलिंग स्टेशन झीड़ी के संचालक राकेश कुमार ने बताया कि बहुत से लोग उनके पास इसकी डिमांड कर रहे थे और उसी आधार पर उन्होंने इस सुविधा को शुरू किया है। उन्होंने बताया कि सीएनजी प्रदूषण मुक्त ईंधन होने के साथ ही अधिक माईलेज भी देता है। इससे जहां पर्यावरण का नुकसान नहीं होता है, वहीं पैसों की बचत भी होती है। उन्होंने बताया कि उनके फिलिंग स्टेशन पर यह सुविधा 24 घंटे मुहैया करवाई जा रही है।