लगातार बारिश के बीच पंडोह बांध में पानी की आवक बढ़ने के कारण शुक्रवार सुबह ब्यास नदी में पानी का डिस्चार्ज बढ़ा दिया गया। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने आम लोगों, पर्यटकों और नदी किनारे रहने वाले लोगों से ब्यास नदी के पास न जाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। बीबीएमबी के अनुसार शुक्रवार सुबह 9 बजे तक पंडोह बांध में 38,098 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की गई, जबकि 33,110 क्यूसेक पानी स्पिलवे के माध्यम से ब्यास नदी में छोड़ा जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि जलाशय में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। यदि जलस्तर में और वृद्धि होती है तो स्पिलवे गेटों से अतिरिक्त पानी छोड़ा जा सकता है, जिससे ब्यास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। बीबीएमबी ने होटल, गेस्ट हाउस, होमस्टे संचालकों, कैंप ऑपरेटरों और टैक्सी चालकों से भी अपील की है कि वे पर्यटकों को नदी किनारे जाने से रोकें और संभावित खतरे की जानकारी दें। लोगों को समय रहते सतर्क करने के लिए बांध क्षेत्र में हूटर और सायरन भी बजाए जाएंगे। बीबीएमबी के अधिशासी अभियंता चंद्रमणी ने कहा कि चेतावनी अवधि के दौरान लोग ब्यास नदी के किनारे जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से हादसों की आशंका बनी रहती है।