तुंगल क्षेत्र के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बगलामुखी मंदिर सेहली में मां बगलामुखी प्रक्टोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बगलामुखी प्रकटोत्सव समारोह की पूर्व संध्या पर रविवार रात को मन्दिर में जागरण का आयोजन किया गया। इसमें हुक्म चन्द एन्ड पार्टी साईगलू, पंचकुला हरियाणा के जसबीर सिंह जस्सी, लोट गलू के तारा चन्द एंड पार्टी ने रात भर माता के भजनों और भेटों से श्रद्धालुओं को नाचने पर मजबुर किया। सभी ने एक से बढ़कर एक भेंटे गाई। आज मेरी मईया ने औणा है, जय देवा कमरू नागा हो आया लोडी मंडी मेले जो, ऊंच्या पहाड़ा लाया डेरा ओ शेरावालिए, आज दिन बड़ा भागा वाला है म्हारे देवा ने आणा है, सेहली धारा से री भगवती ऐ करी लेने दर्शन तेरे माईये, आदि भेंटे गाकर रात भर माता के नाम का गुणगान किया। रात्रि भोज का आयोजन भी मन्दिर कमेटी की तरफ से किया गया था। माता बगलामुखी मन्दिर सेहली के पुजारी अमरजीत शर्मा ने बताया कि रात 12 बजे माता की विशेष पूजा अर्चना की गई व जाग का आयोजन किया गया । इसमें माता ने पुजारी के माध्यम से सभी श्रद्धालुओं को सुख शान्ति का आशीर्वाद दिया। सोमवार को मन्दिर में हवन पाठ किया गया और 11 बजे पुर्णाहुति हुई। दोपहर 1 बजे से भंडारे का आयोजन किया गया इसमें सैंकड़ो लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कन्या पुजन का आयोजन भी किया गया। पुजारी अमरजीत शर्मा ने बताया कि बगलामुखी माता दस महाविद्याओं में आठवें स्थान की देवी है। माता तत्काल प्रभाव देने वाली देवी मानी जाती है। माता शत्रुओं का नाश करने में भी अग्रणी है। माता अपने भक्तों की हमेशा रक्षा करती है और समाज का कल्याण करने वाली देवी मानी गई है। जो भक्त जन सच्चे मन से मां बगलामुखी जी के प्रक्टोत्सव में भाग लेता है मां उसकी हर मनोकामना पूर्ण करती हैं।