मंडी शहर के व्यस्त इंदिरा मार्केट की छत पर प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां लिखे जाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह जब दुकानदार और स्थानीय लोग बाजार पहुंचे तो उनकी नजर छत पर लिखे शब्दों पर पड़ी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात व्यक्तियों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर सार्वजनिक स्थान पर यह आपत्तिजनक लेखन किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पहचान होने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हरकत से शहर का माहौल खराब करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।