धर्मपुर विकास खंड की विभिन्न पंचायतों में चल रही बाड़बंदी प्रक्रिया को लेकर उठे दावों और आपत्तियों पर प्रशासन ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए सुनवाई प्रक्रिया पूरी कर ली है। गुरुवार को बीडीओ धर्मपुर बालम राम और पंचायत निरीक्षक संजय कुमार के पास संबंधित पंचायतों से धर्मपुर पहुंचे लोगों की आपत्तियां और दावों को विस्तार से सुना तथा उनके बयान भी दर्ज किए। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर उपस्थित रहे और उन्होंने बाड़बंदी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपनी-अपनी आपत्तियां दर्ज करवाईं। कई लोगों ने जमीन सीमांकन, रास्तों की उपलब्धता तथा पारंपरिक उपयोग से जुड़े मुद्दे उठाए, जिन्हें अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और आवश्यक दस्तावेज भी जांचे। बीडीओ बालम राम ने बताया कि प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों को नियमानुसार दर्ज कर लिया गया है और अब इन पर विधिसम्मत कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी पात्र व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा पारदर्शिता के साथ पूरी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। पंचायत निरीक्षक संजय कुमार ने कहा कि बाड़बंदी का कार्य अंतिम चरण में है और प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पक्षों को सुनने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाए। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि विकास कार्यों में जनभागीदारी बेहद जरूरी है। स्थानीय लोगों दीपक वर्मा, भवानन्द,केसर सिंह, हंसराज ने कहा प्रशासन द्वारा उनकी समस्याएं सुनने और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी आपत्तियों का उचित समाधान किया जाएगा। अब सभी दर्ज दावों और आपत्तियों की जांच के बाद प्रशासन द्वारा अंतिम निर्णय लिया जाएगा, जिससे पंचायतों में बाड़बंदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।