प्राइवेट बस संचालकों ने एचआरटीसी केलांग नाम से चल रहे एक फेसबुक पेज को बंद करने की मांग उठाई है। बस संचालकों का आरोप है कि इस पेज के माध्यम से प्राइवेट बसों के खिलाफ भ्रामक वीडियो और संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं, जिससे एचआरटीसी और प्राइवेट बस संचालकों के बीच तनाव का माहौल बन रहा है। कनिका बस सर्विस के संचालक पंकज महाजन, अंजली बस सर्विस से चमनलाल और अनुज बस सर्विस से डोला राम ने पत्रकार वार्ता में कहा कि एचआरटीसी केलांग नाम से चलाया जा रहा फेसबुक पेज किसी अधिकृत संस्था का नहीं है। इनका आरोप है कि यह पेज को गोहर क्षेत्र से संबंधित एचआरटीसी चालक चला रहा है। बस संचालकों ने कहा कि सरकार या एचआरटीसी की ओर से इस तरह का कोई अधिकृत पेज चलाने की अनुमति नहीं दी गई है। इसके बावजूद वह फेसबुक पर प्राइवेट बसों के खिलाफ वीडियो और पोस्ट डालकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। इन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में इस पेज पर एक वीडियो पोस्ट की गई, जिसमें दिखाया गया कि प्राइवेट बस चालक सवारियों को नहीं रोकते। बस संचालकों का कहना है कि वीडियो में एक छोटे बच्चे को सड़क किनारे खड़ा किया गया और जैसे ही बस पास आई तो उसे हाथ देकर बस रोकने का संकेत दिया गया, ताकि वीडियो बनाकर प्राइवेट बसों को बदनाम किया जा सके, जबकि यही बस सर्विस के लिए मंडी से बाहर है। इन्होंने मांग कि है एचआरटीसी मंडी के आरएम और डीएम इस पेज की जांच करें और आवश्यक कार्रवाई करें। इन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में कई बार आरएम और डीएम को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। प्राइवेट बस संचालकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आरएम और डीएम को लीगल नोटिस जारी करेंगे।